दुर्ग ग्रामीण की बिजली समस्या पर गरमाया माहौल, विधायक के विरोध में पुतला दहन प्रस्तावित*
अघोषित बिजली कटौती, पंचायत भवनों के कनेक्शन कटने और बढ़े बिजली बिलों को लेकर 30 सितंबर को अंडा चौक में कार्यक्रम

अंडा // दुर्ग //
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती, ग्राम पंचायत भवनों के बिजली कनेक्शन काटे जाने तथा स्मार्ट मीटर एवं बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24 ढालेश साहू ने क्षेत्रीय विधायक ललित चंद्राकर के विरोध में पुतला दहन कार्यक्रम प्रस्तावित किया है।
ढालेश साहू ने कहा कि मचांदूर से लेकर निकुम तक, अंडा से लेकर उतई तक तथा कुथरेल से लेकर नगपुरा तक विभिन्न ग्रामों में अघोषित घरेलू एवं मोटर बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों एवं छोटे व्यवसायियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई ग्राम पंचायत भवनों के बिजली कनेक्शन बकाया बिल के कारण काट दिए जाने से पंचायतों के शासकीय कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने तथा बढ़े हुए बिजली बिलों की वसूली को लेकर भी ग्रामीणों में असंतोष है। इन समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्रीय विधायक द्वारा अपेक्षित पहल नहीं किए जाने के विरोध में यह कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है।
ढालेश साहू ने बताया कि 30 सितंबर 2026, बुधवार को दोपहर 12 बजे अंडा चौक, दुर्ग ग्रामीण में क्षेत्रीय विधायक श्री ललित चंद्राकर का शांतिपूर्ण पुतला दहन कार्यक्रम प्रस्तावित है। *इस संबंध में 28 सितंबर को जिला कलेक्टर, दुर्ग से कार्यक्रम की विधिवत अनुमति मांगी जाएगी।*
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन से अनुमति मिलने की स्थिति में ही कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं कानून-व्यवस्था संबंधी निर्देशों का पालन किया जाएगा।



