विधायक,नेता और मंत्री बदले लेकिन निकुम – खुर्सीपार मार्ग की बदहाल स्थिति नहीं सुधरी
क्षेत्रवासियों ने मार्ग को जल्दी सुधारने की मांग की

रिपोर्ट – एम डी युसुफ
अंडा // दुर्ग //
दुर्ग । जिले के गुण्डरदेही ब्लॉक अंतर्गत निकुम–खुर्सीपार मार्ग, जो राजनांदगांव और बालोद जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख सड़क मार्ग है, आज बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। और आवागमन में असुविधा हो रही है। इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए मजबूरी बन गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 15 वर्षों से इस सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है।लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी का ध्यान इधर नहीं आया। कांग्रेस और भाजपा की सरकारें बदलती रहीं, विधायक नेता और मंत्री भी बदले, लेकिन सड़क की स्थिति जस की तस बनी रही।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं देते। जिससे कभी भी दुर्घटना घट सकती है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। वहीं, स्कूली बच्चे, किसान और मरीजों को इस मार्ग से गुजरते समय भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
इस संबंध में वर्तमान कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद ने बताया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत के लिए प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग की मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिले।