ग्राम ओरमा में 3 महीने से स्ट्रीट लाइट बंद जिम्मेदार हैं बेखबर आमजनों ने की जल्द सुधरवाने की मांग
ग्रामीणों में भारी आक्रोश पंचायत और प्रशासन की लापरवाही उजागर

रिपोर्ट – एम डी युसुफ खान
अंडा / दुर्ग / बालोद /
बालोद जिले के ग्राम पंचायत ओरमा में शासन द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइट पिछले तीन महीनों से बंद पड़ी है। जिससे मोहल्ले का मुख्य चौराहा पूरी तरह अंधेरे में डूब गया है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।ग्रामीणों का कहना है की शिकायत करने पर अधिकारी सहित जिम्मेदार जनप्रतिनिधि एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ लेते हैं ।स्थानीय पंचायत प्रशासन भी इस और कोई ध्यान नहीं दे रहा है ।इस लापरवाही के कारण लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है
अंधेरे का फायदा उठाकर बढ़ रही घटनाएं
ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय चौराहा पूरी तरह अंधेरे में रहता है जिससे असामाजिक तत्वों को मौका मिल रहा है। और क्षेत्र में तोड़फोड़ व चोरी की घटनाएं बढ़ रही है। इससे आमजनों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
जिम्मेदारों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्ट्रीट लाइट पंचायत प्रशासन के माध्यम से लगाई गई थी। लेकिन खराब होने के बाद ना तो शासन और ना ही पंचायत प्रशासन इसकी सुध ले रहा है। इससे शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जल्दी सुधारने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए ।ताकि क्षेत्र में रोशनी बहाल हो सके। और लोगों को सुरक्षा का माहौल मिल सके। अंत में ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।