देऊरझाल आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित
पाटन। 30 सितम्बर 2026
पाटन विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पओतोरा के आश्रित ग्राम देऊरझाल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, बच्चों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत पतोरा के सरपंच श्री भुनेश्वर साहू रहे। पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती चंद्रवती कुर्रे विशेष अतिथि तथा समाजसेवक श्री दिलीप कुर्रे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शासकीय प्राथमिक शाला देऊरझाल के प्रधानाध्यापक श्री मुकेश कुमार साहू, सहायक शिक्षक श्री रोशनलाल साहू एवं पंच श्री रूपेश कोसरे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच भुनेश्वर साहू ने कहा कि सेवा संकल्प का मूल उद्देश्य समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंदों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं के पोषण और स्वास्थ्य के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना आवश्यक है।
समाजसेवक दिलीप कुर्रे ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके उद्देश्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना इस तरह के आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती माताओं एवं बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है, जो बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होता है। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार विधिवत कराया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सरिता देवांगन एवं सहायिका श्रीमती नेत्री कुर्रे सहित संबंधित सेवाओं से जुड़े लोगों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में सरपंच भुनेश्वर साहू, पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती चंद्रवती कुर्रे, समाजसेवक दिलीप कुर्रे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता देवांगन, सहायिका नेत्री कुर्रे, पंच रूपेश कोसरे, दिलेस देशलहरे, दीपक साहू, निलेश साहू, चुम्मन साहू, महेश्वरी कुर्रे, उत्तरा कुर्रे, दिलेश्वरी, कौती मोडने, वर्षा मांडले, कीर्ति मोडले, गीता, रुक्मणी कोठारी, कीर्तन गेन्डे, पूर्णिमा जोगड़े, सीता, हेमलता जांगड़े, अहिल्या साहू, तेश्वरी जोशी, भारती साहू, इन्दा साहू, हेमलता सोनवानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
