सतनामी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल, अचानकपुर सरपंच पर कार्रवाई की मांग सब हेड:
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, निंदा प्रस्ताव पारित; समाज ने सरपंच के रेस्टोरेंट के बहिष्कार का किया आह्वान

पाटन 13 जुलाई 2026
पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत अचानकपुर के सरपंच देवानंद साहू द्वारा कथित रूप से सोशल मीडिया पर सतनामी समाज के संबंध में आपत्तिजनक एवं जातिगत टिप्पणी साझा किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर तहसील सतनामी समाज पाटन ने एसडीएम लवकेश ध्रुव को ज्ञापन सौंपकर सरपंच के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सरपंच ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस और व्हाट्सएप ग्रुप में ऐसा संदेश साझा किया, जिससे सतनामी समाज की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुईं। समाज के पदाधिकारियों ने इसे जातीय वैमनस्य फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई है।
समाज का कहना है कि सार्वजनिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि से मर्यादित और जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है। ऐसे में इस प्रकार की कथित टिप्पणी जनप्रतिनिधि की गरिमा के विपरीत है। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सरपंच को पद से हटाने की मांग भी की गई है।
इस बीच तहसील सतनामी समाज ने सरपंच के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया। साथ ही समाज के लोगों से सेलूद स्थित उनके वर्षा रेस्टोरेंट में चाय-नाश्ता नहीं करने का आह्वान किया गया। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। मौके पर मुख्य रूप से तहसील अध्यक्ष संतराम कुर्रे, , ईश्वर बंजारे,सूर्यकांत टंडन, अम्बेडकर जोशी,रामनाथ गायकवाड,गौरव कौशल,खिलेश मार्कण्डेय,आकाश चेलक,अभिषेक चतुर्वेदी,प्रशांत कुर्रे,रमेश कुर्रे,संजय कुमार, अहेद्र चेलक,दिलीप टंडन,घासीराम बंधे,राजेश बघेल भोलेश्वर , भक्तूराम गायकवाड़ सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।
वर्जन (एसडीएम)
“सतनामी समाज द्वारा अचानकपुर सरपंच के सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है। मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच उपरांत नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।”
— लवकेश ध्रुव, एसडीएम, पाटन
वर्ज़न (सरपंच अचानकपुर )
11 जुलाई 2026 को मेरे द्वारा सोशल मीडिया में त्रुटिवश अनुचित तरीके से सतनामी समाज के लिए सोशल मीडिया में पोस्ट हो गई थी। जिसे मैने तुरंत पोस्ट को सोशल मीडिया से तुहटवाया समस्त सतनामी समाज से क्षमा मांगता हूं। और आगे भविष्य में ऐसी गलती दोबारा कभी नहीं करूंगा।
देवेंद्र साहू (सरपंच अचानकपुर)