शासकीय प्राथमिक शाला देऊरझाल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

पाटन। 16 अगस्त 2026
पाटन। विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला देऊरझाल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों के छायाचित्र तथा हाथों में तिरंगा लेकर पूरे गांव में प्रभात फेरी निकालकर की गई। बच्चों ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं वीर भगत सिंह के जयघोष के साथ ग्रामीणों में देशभक्ति का संदेश दिया।
प्रभात फेरी के पश्चात विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री मुकेश कुमार साहू एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी श्री दिलीप कुर्रे ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री आनकी राम वर्मा, पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती चंद्रवती कुर्रे, पंच श्री रूपेश कोसरे, पंच श्रीमती महेश्वरी कुर्रे, श्री रामचंद जांगड़े, श्री चतुरलाल कोसरे एवं श्री प्यारेलाल माण्डले सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताएं, भाषण, राष्ट्रीय गीत एवं पोयम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन के माध्यम से बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से अवगत कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि समाजसेवी श्री दिलीप कुर्रे ने कहा कि आज हमारा देश स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय हमारा देश अंग्रेजों की गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था। देश को स्वतंत्र कराने के लिए महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, वीर भगत सिंह सहित अनेक महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत के नागरिक के रूप में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने बच्चों से महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
श्री कुर्रे ने शासकीय प्राथमिक शाला देऊरझाल में विद्यार्थियों की लगातार घटती दर्ज संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यालय की आवश्यकताओं एवं समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व तत्कालीन सरपंच द्वारा विद्यालय परिसर में शेड निर्माण एवं चेकर टाइल्स लगाने की बात कही गई थी, लेकिन कार्य अभी तक अधूरा है। वहीं वर्तमान सरपंच, पतोरा द्वारा भी लगभग एक वर्ष पूर्व विद्यालय परिसर में शेड निर्माण एवं चेकर टाइल्स लगाने का आश्वासन दिया गया था, जिसका कार्य भी अब तक पूर्ण नहीं हो पाया है।
उन्होंने उपस्थित पंचों से आग्रह किया कि वे पंचायत की बैठकों में विद्यालय की समस्याओं को मजबूती एवं गंभीरता के साथ रखें, ताकि विद्यालय परिसर की आवश्यक सुविधाओं का विकास हो सके और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम को शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री आनकी राम वर्मा एवं पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती चंद्रवती कुर्रे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक शिक्षक श्री रोशन लाल साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री मुकेश कुमार साहू ने किया।
इस अवसर पर श्री दिलीप कुर्रे, श्री पीलाराम कुर्रे, श्री चेलाराम टंडन, श्री जयदेव यादव, श्री चंद्रशेखर, श्री पांचों बाई, श्रीमती सीता देशलहरे, श्रीमती गीता देशलहरे, श्री ईश्वर चेलक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सरिता देवांगन, सहायिका श्रीमती नेत्री कोसरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, पालक एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह का समापन देशभक्ति की भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।
