शादी की खुशियां मातम में बदली, खेत में मिली युवती की जली हुई लाश, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही

रिपोर्ट – मो. युसुफ खान
अंडा- दुर्ग – अर्जुंदा//
अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम चीचा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है।जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। 21 वर्षीय युवती लीलेश्वरी साहू की जली हुई लाश गुरुवार सुबह गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत किनारे मिली। ग्रामीणों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को बुलाया, जिन्होंने शव की पहचान लीलेश्वरी साहू के रूप में की। जानकारी के अनुसार युवती की शादी 1 अप्रैल को तय थी और घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। परिजन रिश्तेदारों को शादी के कार्ड भी बांट चुके थे, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, साइबर टीम, अर्जुन्दा पुलिस और एएसपी मोनिका ठाकुर मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसे साइबर टीम ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक युवती बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। अगले दिन गुरुवार को उसकी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।