अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ सौंपा गया ज्ञापन
विद्युत व्यवस्था सुधारने की उठी मांग, सुशासन तिहार में अधिकारियों ने दिया जांच व सुधार का आश्वासन

अंडा // उतई //
जनपद पंचायत दुर्ग के क्षेत्र क्रमांक 24 अंतर्गत ग्राम पंचायत रिसामा, मतवारी, चिरपोटी एवं मचांदूर में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती, लाइन ट्रिपिंग एवं लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर सोमवार को सुशासन तिहार 2026 के दौरान विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता (डी.ई.) छगन शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि विगत कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे क्षेत्र की आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली बाधित होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है, विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है तथा घरेलू कार्यों एवं छोटे व्यापारों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इस दौरान जनपद सदस्य प्रतिनिधि एवं किसान नेता ढालेश साहू ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में लगातार बिजली बाधित होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। उन्होंने विभाग से मांग की कि अनावश्यक विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा नियमित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही तकनीकी कारणों से बिजली बंद होने की स्थिति में पूर्व सूचना देने की व्यवस्था लागू की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विद्युत विभाग के जे.ई. मिनेश कुमार एवं ए.ई. श्रीकांत भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक तकनीकी जांच एवं सुधारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ज्ञापन प्राप्त होने के बाद डी.ई. छगन शर्मा ने पूरे क्षेत्र में विद्युत लाइन, मेंटनेंस व्यवस्था एवं लोडिंग सिस्टम की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर विद्युत व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि विभाग द्वारा शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र की विद्युत समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समय पर सुधार कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों के साथ व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।



