अंडा-रिसामा क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश: नाम व गांव पूछकर मारपीट के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी न होने पर थाना घेराव की चेतावनी

सरपंच रोशन लाल साहू के आंदोलन के आह्वान को किसान नेता व जनपद सदस्य ढालेश साहू ने दिया पूर्ण समर्थन
**दुर्ग/अंडा //
अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम रिसामा एवं आसपास के क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों द्वारा राहगीरों को रोककर **नाम और गांव पूछकर गाली-गलौज व मारपीट करने की घटना** (FIR No. 0084/2026) से पूरे क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल निर्मित हो गया है। इस गंभीर घटना और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर ग्राम पंचायत रिसामा के सरपंच रोशन लाल साहू ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। जिसे किसान नेता व दुर्ग जनपद सदस्य ढालेश साहू का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ है।
नाम व गांव पूछकर मारपीट करने की कोशिश से आक्रोश:
सरपंच रोशन लाल साहू ने कहा कि “द्वारिकाडीह चौक और अंडा-रिसामा मार्ग पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगातार बढ़ रहा है। राहगीरों का नाम व गांव पूछकर जानलेवा हमला करना और जान से मारने की धमकी देना बेहद चिंताजनक है। इस घटना में नामजद आरोपी ‘भुरवा’ और उसके साथियों की पहचान होने और एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। आरोपी खुलेआम घूमकर पीड़ितों को डरा-धमका रहे हैं।”
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया, तो समस्त ग्रामवासी एकजुट होकर थाना अंडा का घेराव करेंगे।
किसान नेता ढालेश साहू ने दिया पूर्ण समर्थन:
ग्रामवासियों के इस न्यायसंगत मुद्दे पर उनके साथ खड़े होते हुए किसान नेता व जनपद सदस्य ढालेश साहू ने कहा कि “ग्रामीणों और किसानों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नाम व गांव पूछकर दहशत फैलाने की यह कोशिश क्षेत्र की शांति व्यवस्था को भंग करने की साजिश है। सरपंच रोशन लाल साहू और ग्रामीणों द्वारा दी गई थाना घेराव की चेतावनी का मैं पूर्ण रूप से समर्थन करता हूँ।”
ढालेश साहू ने आगे कहा कि “यदि पुलिस प्रशासन ने २४ घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की, तो हम स्वयं सैकड़ों ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अंडा थाने का घेराव करेंगे और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।”
प्रमुख मांगें:
आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी:** एफआईआर में दर्ज मुख्य आरोपी ‘भुरवा’ और उसके अन्य साथियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
पुलिस गश्त में वृद्धि:
द्वारिकाडीह चौक, रिसामा मार्ग और ग्रामीण इलाकों में रात्रि कालीन पुलिस गश्त (Night Patrolling) तुरंत शुरू की जाए।
सुरक्षा की गारंटी
** पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान कर क्षेत्र में भयमुक्त माहौल कायम किया जाए। उक्त जानकारी रोशन लाल साहू सरपंच व ढालेश साहू जनपद सदस्य ने दी है।