जनपद सदस्यों की विकास निधि 2 लाख से बढ़ाकर 10 लाख करने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा आवेदन
संपादक -- एम डी युसुफ खान --- दुर्ग ग्रामीण Ⓜ️ 9179799491

दुर्ग //
दुर्ग जिला जनपद सदस्य एवं किसान नेता ढालेश साहू ने मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम आवेदन प्रेषित कर जनपद पंचायत विकास निधि योजना के अंतर्गत प्रत्येक जनपद सदस्य को प्रदान की जाने वाली 2 लाख की विकास निधि को बढ़ाकर 10 लाख (5 गुना) किए जाने की मांग की है।
ढालेश साहू ने कहा कि वर्तमान समय में निर्माण सामग्री, मजदूरी तथा अन्य विकास कार्यों की लागत में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में वर्तमान 2 लाख की राशि से ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करना अत्यंत कठिन हो गया है। जनपद सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, सामुदायिक भवन, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, शिक्षा तथा अन्य जनहित के कार्यों के लिए निरंतर जनता की अपेक्षाओं का सामना करना पड़ता है, किंतु सीमित निधि के कारण अनेक आवश्यक विकास कार्य लंबित रह जाते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित एवं ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक जनपद सदस्य की विकास निधि 10 लाख की जाए तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष की विकास निधि में भी समानुपातिक वृद्धि की जाए। उनका कहना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, विकास कार्यों की गुणवत्ता बढ़ेगी तथा जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगे।
ढालेश साहू ने बताया कि इस संबंध में भेजे गए आवेदन की प्रतिलिपि माननीय उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, प्रमुख सचिव वित्त विभाग, विधानसभा अध्यक्ष, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के आयुक्त तथा प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को भी प्रेषित किया गया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री प्रदेश के समस्त जनपद पंचायत सदस्यों एवं ग्रामीण जनता के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी और पंचायत व्यवस्था अधिक सशक्त बनेगी