गड्ढों में तब्दील हुआ रिसामा-जंजगिरी मार्ग, अब आंदोलन की तैयारी
बेहतर सड़क और सुरक्षित आवागमन पाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार — ढालेश साहू

अंडा // दुर्ग //
जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम पंचायत रिसामा से ग्राम जंजगिरी पहुंच मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण ग्रामीणों, स्कूली छात्र-छात्राओं, किसानों, मजदूरों एवं राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
इस गंभीर समस्या को लेकर जनपद सदस्य व किसान नेता ढालेश साहू ने 19 अगस्त 2026 को जिला कलेक्टर, दुर्ग को लिखित आवेदन सौंपकर रिसामा-जंजगिरी पहुंच मार्ग का तत्काल स्थल निरीक्षण कराने तथा गड्ढों की मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार सड़क का स्थायी सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की है।
ढालेश साहू ने कहा कि बेहतर सड़क और सुरक्षित आवागमन पाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। ग्रामीणों को लंबे समय तक बदहाल सड़क की समस्या झेलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। उक्त मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विद्यार्थी आवागमन करते हैं, इसलिए सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क सुधार की कार्रवाई प्रारंभ नहीं की गई तो ग्राम जंजगिरीवासियों की मांग पर जनहित में आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से सड़क सुधार की मांग को लेकर संघर्ष किया जाएगा।
ढालेश साहू ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थल निरीक्षण कराकर सड़क मरम्मत एवं स्थायी सुधार कार्य प्रारंभ कराया जाए।
