सोमनी सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, मतदान से पहले मचा बवाल

रिपोर्ट – एम डी युसुफ खान
राजनांदगांव। सोमनी ग्राम पंचायत में सरपंच के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज मतदान होना था, लेकिन उससे पहले ही पंचायत परिसर के बाहर भारी भीड़ जुट गई और विवाद की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, पंचायत भवन के मुख्य द्वार पर 40 से 50 ग्रामीण एकत्रित हो गए। इसी दौरान क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख भी मौके पर पहुंचे। उन्हें देखते ही कुछ ग्रामीण आक्रोशित हो गए और कथित रूप से उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि गांव में विकास कार्यों की धीमी गति और सरपंच नीलिमा साहू की कथित मनमानी को लेकर पहले ही असंतोष का माहौल था। इसी के चलते 20 मार्च को उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिस पर मतदान की तारीख 25 मार्च तय की गई थी।
घटना के दौरान विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप कर हालात पर काबू पाया। वहीं, एसडीएम गौतम पाटिल ने मारपीट की घटना से इनकार करते हुए कहा कि केवल झड़प हुई थी।
इस पूरे मामले में एक अहम मोड़ तब आया जब हाईकोर्ट के आदेश पर सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाले मतदान पर रोक लगा दी गई। इसके बाद फिलहाल मामला स्थगित कर दिया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।