मचांदूर, चिरपोटी और मतवारी में श्रद्धा के साथ मनाई गई भक्त माता कर्मा जयंती, ढालेश साहू हुए शामिल*
समाज की एकता और संस्कृति को आगे बढ़ाने का लिया गया संकल्प

✍🏾 एम डी युसुफ खान ✍🏾
अंडा //दुर्ग
समाज की एकता और संस्कृति को आगे बढ़ाने का लिया गया संकल्प
दुर्ग जिले के ग्राम मचांदूर, चिरपोटी एवं मतवारी में साहू समाज द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ भक्त माता कर्मा जयंती मनाई गई। इस अवसर पर जनपद सदस्य एवं समाजसेवी ढालेश साहू कार्यक्रम में शामिल हुए और समाजजनों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ढालेश साहू ने कहा कि भक्त माता कर्मा साहू समाज की आस्था, भक्ति और सेवा की प्रतीक हैं। उन्होंने अपने जीवन से सादगी, परिश्रम और सच्ची भक्ति का संदेश दिया। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर स्वयं भगवान श्री कृष्ण ने उनके हाथों से बनाया हुआ खिचड़ी प्रसाद स्वीकार किया, जो भक्त और भगवान के प्रेम का अद्भुत उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि माता कर्मा के आदर्श हमें समाज में एकता, भाईचारा और सेवा की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। समाज के युवाओं को भी उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संस्कार और सामाजिक विकास के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना तथा प्रसाद वितरण किया गया और समाज की एकता व प्रगति के लिए संकल्प लिया गया।



