Breaking
ग्राम औंधी में 1 नवंबर को मनेगा 26वां छत्तीसगढ़ राज्योत्सव एवं मंडाई मेला समारोहग्राम सांकरा उपस्वास्थ्य केंद्र में बच्चों के टीकाकरण का सरपंच रवि सिंगौर ने किया निरीक्षणरिसाली नगर निगम चुनाव: भाजपा में दावेदारों की लंबी कतार, कांग्रेस में गिने-चुने नामों की चर्चाग्राम घुघुवा शक्ति केंद्र में उत्साहपूर्वक सुनी गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ीछत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी तथा प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू का 25 और 26 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवाससेवा सेतु’ केन्द्र के माध्यम से दिलीप कुमार को एक दिन में मिला जाति प्रमाण पत्रअंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर बानबरद में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री सायशिव पार्क कॉलोनी अमलेश्वर में धूमधाम से मनाया गया दशहरा उत्सवसेवा संकल्प के अंतर्गत पाटन नगर में निकाली सेवा ज्योति यात्रासेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम सांकरा में मनाया गया आंगन मिलन सेवा उत्सव

औंधी 1 नम्बर को राज्य उत्सव एवं मंडई मेला का आयोजन

ग्राम औंधी में 1 नवंबर को मनेगा 26वां छत्तीसगढ़ राज्योत्सव एवं मंडाई मेला समारोह

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे मुख्य अतिथि, रात 10 बजे से नव किरण लोक कला नाचा की होगी प्रस्तुति

 

 

पाटन ।भिलाई-3। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राम औंधी में रविवार, 1 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव स्थापना दिवस एवं मंडाई मेला समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। बहुउद्देशीय आयोजन समिति, ग्राम पंचायत औंधी एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित यह समारोह लगातार 26वें वर्ष संपन्न होगा। आयोजकों के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद से ग्राम औंधी में प्रतिवर्ष राज्योत्सव स्थापना दिवस मनाने की परंपरा निरंतर जारी है, जो गांव के लिए गौरव का विषय है।

 

दिनभर होंगे विविध सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम

 

समारोह के अंतर्गत सुबह से लेकर देर रात तक धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे कलश यात्रा के साथ होगी, जो गांव का भ्रमण करेगी। दोपहर 12 बजे गांव के समस्त देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।

 

दोपहर 2 बजे से महिलाओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं, शाम 6 बजे से छात्र-छात्राओं द्वारा रिकॉर्डिंग डांस की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रात 8 बजे अतिथियों का आगमन, अतिथि उद्बोधन, पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा।

 

समारोह का प्रमुख आकर्षण रात 10 बजे से छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध नव किरण लोक कला नाचा भंडारपुर (डोंगरगढ़), जिला राजनांदगांव की प्रस्तुति होगी। नाचा कार्यक्रम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला एवं मनोरंजन की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।

 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे मुख्य अतिथि

 

आयोजन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक माननीय श्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री के सुपुत्र एवं समाजसेवी श्री चैतन्य बघेल की भी उपस्थिति प्रस्तावित है।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ओएसडी एवं पाटन विधानसभा प्रभारी श्री आशीष वर्मा करेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य दुर्ग श्री देवेंद्र चंद्रवंशी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन के अध्यक्ष श्री मोहन साहू, छाया जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी दुर्ग सुश्री संतोषी तिवारी, ग्राम पंचायत औंधी के सरपंच श्री परदेशी राम देशलहरे तथा उपसरपंच श्री दीपक चंद्राकर शामिल रहेंगे।

 

परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है आयोजन

 

ग्राम औंधी में लगातार 26 वर्षों से आयोजित हो रहा यह समारोह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं, लोककला एवं सामाजिक एकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ महिलाओं, बच्चों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जाता है।

 

आयोजन समिति ने ग्रामवासियों एवं क्षेत्र के लोगों से समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

 

इस संबंध में आयोजन समिति के संरक्षक श्री रविशंकर वर्मा एवं अध्यक्ष श्री गजाधर प्रसाद वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का आयोजन बहुउद्देशीय आयोजन समिति, ग्राम पंचायत औंधी एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है।

News CG 24 GK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *