गुरु पूर्णिमा पर शासकीय प्राथमिक शाला देउरझाल में गुरुजनों का हुआ भव्य सम्मान
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

समाजसेवी दिलीप कुर्रे एवं अतिथियों ने गमछा , श्रीफल, गुलाल व पुष्प अर्पित कर किया सम्मानित
*पाटन। 29 जुलाई 2026*
पाटन। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विकासखंड पाटन अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला देउरझाल में श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को रेखांकित करते हुए गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं आदर व्यक्त किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती चंद्रवती कुर्रे (पूर्व जनपद सदस्य), समाजसेवी श्री दिलीप कुमार कुर्रे, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री अनकी राम वर्मा तथा शिक्षाविद् श्री रामचन्द्र जांगड़े उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाजसेवी श्री दिलीप कुमार कुर्रे एवं सभी अतिथियों ने गुरुजनों का सादा स्कार्फ, श्रीफल, गुलाल एवं पुष्प अर्पित कर सम्मान किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गुरु ही अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं तथा उन्हें एक आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी मानते हुए निरंतर अध्ययन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गुरु वंदना, एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
पूरे आयोजन में भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षा के प्रति सम्मान की भावनाओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला। अंत में गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
