17 अगस्त को निकलेगी जनपद स्तरीय विराट शिव दर्शन कांवड़ यात्रा
संपादक -- एम डी युसुफ खान ------ अंडा दुर्ग Ⓜ️ 9179799491

दुर्ग //
सावन के तृतीय सोमवार एवं पावन नाग पंचमी के शुभ अवसर पर 17 अगस्त 2026 (सोमवार) को शिव दर्शन कांवरिया समिति के तत्वावधान में जनपद पंचायत दुर्ग के अंतर्गत जनपद स्तरीय विराट शिव दर्शन कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
समिति के संयोजक एवं जनपद सदस्य ढालेश साहू ने बताया कि इस भव्य धार्मिक आयोजन में जनपद पंचायत दुर्ग के सभी ग्रामों के शिवभक्त अपने-अपने ग्राम के शीतला प्रांगण अथवा निर्धारित स्थल से प्रातः 6:00 बजे कांवड़ यात्रा प्रारंभ कर चंगोरी घाट शिव मंदिर पहुँचेंगे, जहाँ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, महाआरती एवं महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष सावन का तृतीय सोमवार एवं नाग पंचमी का शुभ संयोग इस आयोजन के धार्मिक महत्व को और बढ़ा रहा है। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव के जयघोष, शिव भजन-कीर्तन, तिरंगा एवं कांवड़ ध्वज यात्रा के साथ श्रद्धालुओं के लिए फलाहार एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था भी रहेगी।
ढालेश साहू ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित कांवड़ यात्रा में हजारों शिवभक्तों ने भाग लिया था। इस वर्ष इसे जनपद स्तरीय स्वरूप दिया गया है, ताकि जनपद पंचायत दुर्ग के सभी ग्रामों के श्रद्धालु एक मंच पर एकत्रित होकर भगवान भोलेनाथ की आराधना कर सकें तथा सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता का संदेश दे सकें।
उन्होंने जनपद पंचायत दुर्ग के समस्त जनपद सदस्यों, सरपंचों, पंचों, युवाओं, माताओं-बहनों एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने की अपील की है।



